बिजनौर (शिखर समाचार)
जनपद के शेरकोट क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नया गांव मार्ग पर स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई के समीप सड़क किनारे एक गुलदार का शव पड़ा मिला। राहगीरों की नजर जैसे ही मृत गुलदार पर पड़ी, क्षेत्र में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सड़क किनारे मिला गुलदार का शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कुछ युवक जब मार्ग से गुजर रहे थे तो उन्होंने सड़क किनारे एक बड़े जंगली जानवर को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर वह गुलदार मृत अवस्था में मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम के साथ वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने की आशंका
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह के नेतृत्व में पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास जांच करने पर सड़क किनारे खड़े यूकेलिप्टस के एक विशाल पेड़ पर काफी ऊंचाई तक गुलदार के पंजों के निशान पाए गए। प्राथमिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि गुलदार किसी शिकार का पीछा करते हुए पेड़ पर चढ़ा होगा और उसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के कारण वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद होगी पुष्टि
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि मृत गुलदार नर है और उसकी आयु लगभग पांच वर्ष आंकी गई है। शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गुलदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी।
वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वन्य जीवों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें। घटना के बाद से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
