नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)
उत्तर प्रदेश वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन द्वारा संगठन विस्तार की दिशा में नगीना में महत्वपूर्ण पहल की गई। कस्बे के मोहल्ला अंबेडकर नगर स्थित मीडिया हाउस में तहसील स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन की जड़ों को कस्बा स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक पत्रकारों को यूनियन से जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लेकर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में संगठन विस्तार पर जोर
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ज्योति लाल शर्मा ने की तथा संचालन मनोज वाल्मीकि ने किया। इस दौरान पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों की सुरक्षा और संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम के दौरान यूनियन के सदस्यों को उनके नए परिचय पत्र भी वितरित किए गए। परिचय पत्र वितरण को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम बताया गया।
पत्रकार एकजुटता पर दिया बल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
जिला अध्यक्ष ज्योति लाल शर्मा ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना और उन्हें एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए मजबूत संगठन का होना आवश्यक है। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से एकजुट होकर यूनियन से जुड़ने और संगठन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रतेंद्र बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया कर्मियों के आपसी बिखराव के कारण ही विभिन्न स्तरों पर उनका शोषण होता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर समाचार प्रेषित करने के साथ-साथ आपसी एकता को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में सबसे बड़ी आवश्यकता पत्रकारों की एकजुटता है, जिससे उनकी आवाज प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।
शीघ्र होगा तहसील स्तरीय भव्य कार्यक्रम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही नगीना तहसील स्तर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही तहसील मुख्यालय से जुड़े आसपास के सभी कस्बों के पत्रकारों को संगठन से जोड़कर यूनियन का व्यापक विस्तार किया जाएगा, ताकि पत्रकार हितों की रक्षा के लिए मजबूत संरचना तैयार की जा सके।
इस अवसर पर अभय बिश्नोई, अफसर सिद्दीकी, धर्मेंद्र चौधरी, मुकेश त्यागी, नंदकिशोर, अक्षय चौहान, विकास अग्रवाल, अंकुर कुमार, आमन समशी, कोतवाली देहात से मनोज कुमार, डॉ. संदीप शर्मा, पुरैनी से सुनील कुमार, राकेश उर्फ राके सहित क्षेत्र के अनेक पत्रकार और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
