ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
इस वीकेंड शहरवासियों के लिए खास आकर्षण लेकर आ रहा है ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण। 26 फरवरी से 01 मार्च तक चार दिनों के लिए सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में भव्य पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। तैयारियां जोरों पर हैं और पूरा पार्क रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित किया जा रहा है। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
आकर्षक फूलों की संरचनाएं और खास थीम
पुष्प प्रदर्शनी में इस बार फूलों से निर्मित ऑपरेशन सिंदूर की विशेष आकृति, भारत माता के माथे पर तिलक का दृश्य, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर और हार्ट शेप जैसी आकर्षक संरचनाएं दर्शकों का मन मोह लेंगी। एक लाख से अधिक मौसमी फूलों की खुशबू से सिटी पार्क महकेगा।
इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘कैलेंडुला’ रखी गई है। थीम को ध्यान में रखते हुए प्रमुख गोलचक्करों, हरित क्षेत्रों और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें अब फूल खिल चुके हैं।
पहली बार ड्रोन शो और एआई-रोबोटिक्स की झलक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
पहली बार प्रदर्शनी में ड्रोन शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक की झलक भी देखने को मिलेगी। शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा, जहां नृत्य, संगीत, कविता और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के पुनः उपयोग का संदेश भी दिया जाएगा।
पार्क में फव्वारों को दुरुस्त कर दिया गया है और विभिन्न आकृतियों के स्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे हैं। खाने-पीने के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे दर्शक पूरे परिवार के साथ इस आयोजन का आनंद उठा सकें। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि सिटी पार्क में पुष्प प्रदर्शनी के भव्य आयोजन की तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है और बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी के लिए यह प्रदर्शनी खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। दर्शकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
