ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ईकोटेक 3 में शुरू किया पहला श्रमिक सुविधा केंद्र, विधायक तेजपाल नागर ने किया उद्घाटन

Rashtriya Shikhar
5 Min Read
Greater Noida Industrial Development Authority has started the first labor welfare center in Ecotech 3. The center was inaugurated by MLA Tejpal Nagar. IMAGE CREDIT TO AUTHORITY

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) औद्योगिक विकास की रफ्तार को मजबूती देने और श्रमिकों को संगठित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर ईकोटेक 3 स्थित उद्योग केंद्र-दो परिसर में शहर का पहला श्रमिक सुविधा केंद्र प्रारंभ कर दिया है। सोमवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव तथा औद्योगिक व्यवसाय संघ के अध्यक्ष अमित उपाध्याय सहित अनेक अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

विधायक तेजपाल नागर ने किया उद्घाटन, बताया उद्योगों के लिए उपयोगी पहल

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि किसी भी उद्योग की सफलता के लिए कुशल कारीगरों और प्रशिक्षित श्रमिकों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है, वहीं श्रमिकों को भी नियमित और सुरक्षित रोजगार की आवश्यकता रहती है। यह श्रमिक सुविधा केंद्र दोनों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अब उद्यमियों को श्रमिकों की तलाश में इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा और श्रमिकों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो अन्य औद्योगिक सेक्टरों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाने की योजना बनाई जाएगी।

दस लाख रुपये की लागत से चार माह में तैयार हुआ केंद्र

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

इस पहल की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि कुशल कारीगरों और उद्यमियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन. जी. रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के कार्य वृत्त 3 द्वारा इस केंद्र का निर्माण कराया गया है। लगभग दस लाख रुपये की लागत से चार माह की अवधि में इसका निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। यह केंद्र उद्योग केंद्र दो परिसर में पानी की टंकी के निकट स्थित है, जिससे श्रमिकों और उद्योग प्रतिनिधियों के लिए पहुंच सुगम रहे।

महिला-पुरुष के लिए अलग कक्ष, पंजीकरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/

श्रमिक सुविधा केंद्र में महिला और पुरुष कारीगरों के बैठने के लिए पृथक कक्षों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त शौचालय और रसोईघर की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि श्रमिकों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। रोजगार की तलाश में आने वाले श्रमिक यहां निर्धारित स्थान पर बैठेंगे। व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए यहां दो पंजिकाएं रखी जाएंगी। एक पंजिका में श्रमिकों का नाम, संपर्क विवरण और कार्य दक्षता दर्ज की जाएगी, जबकि दूसरी पंजिका में उद्यमियों की आवश्यकता के अनुसार कार्य का प्रकार और श्रमिकों की संख्या का विवरण अंकित रहेगा। इससे उद्योगों को अपनी आवश्यकता के अनुरूप तत्काल कारीगर उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा।
प्राधिकरण द्वारा इस केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी औद्योगिक व्यवसाय संघ को सौंप दी गई है। संघ श्रमिकों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाने, पंजीकरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने तथा उद्योगों से समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगा। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह मॉडल क्षेत्र में औद्योगिक उत्पादन को गति देने के साथ साथ श्रमिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

संचालन की जिम्मेदारी औद्योगिक व्यवसाय संघ को सौंपी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/discussion-on-ghaziabad-in-the-review-meeting/

विधायक तेजपाल नागर ने इस पहल के लिए प्राधिकरण प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि संगठित व्यवस्था के माध्यम से श्रमिकों का शोषण भी रुकेगा और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उद्घाटन अवसर पर विधायक द्वारा उपस्थित श्रमिकों को शॉल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर परियोजना विभाग कार्य वृत्त 3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया सहित अन्य अधिकारीगण और बड़ी संख्या में उद्यमी व श्रमिक मौजूद रहे। औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

Share This Article
Leave a comment