आरव शर्मा
गाजियाबाद (राष्ट्रीय शिखर)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की आधिकारिक वेबसाइट से मिलता जुलता फर्जी डोमेन बनाकर धोखाधड़ी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। प्राधिकरण ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल साइबर क्राइम सेल में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करा दी है। साथ ही भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी रोकने के लिए प्राधिकरण ने सभी मिलते जुलते डोमेन खुद खरीदने का फैसला लिया है।
केवल इन आधिकारिक वेबसाइटों का करें प्रयोग
जीडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण की केवल दो ही आधिकारिक वेबसाइट और पोर्टल हैं:
मुख्य वेबसाइट: gdaghaziabad.in
FCFS पोर्टल: gdafcfs.gdaghaziabad.in
फर्जीवाड़े पर प्राधिकरण का कड़ा रुख
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
प्राधिकरण के संज्ञान में आया था कि कोई तीसरा पक्ष जीडीए के नाम का दुरुपयोग कर फर्जी वेबसाइट तैयार करने का प्रयास कर रहा है। उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार अब प्राधिकरण उन सभी डोमेन नामों को अधिग्रहित या क्रय करेगा, जिनका उपयोग भविष्य में भ्रामक या फर्जी वेबसाइट बनाने के लिए किया जा सकता है।
आमजन के लिए अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
जीडीए ने जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्राधिकरण का कहना है कि लोग केवल अधिकृत पोर्टल का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन गतिविधि के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लेनदेन या आवेदन से पहले डोमेन नेम की जांच अनिवार्य रूप से कर लें।
