हापुड़ (शिखर समाचार)। सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ के ईएनटी विभाग ने गर्दन के सामने स्थित एक अत्यंत बड़े और जटिल लिपोमा (वसा की गांठ) का सफल ऑपरेशन कर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मरीज पिछले लगभग चार वर्षों से इस गंभीर समस्या से पीड़ित था। गर्दन के अग्र भाग में लगातार बढ़ती सूजन के कारण उसे दैनिक जीवन में कठिनाई, शारीरिक असहजता और सामाजिक संकोच का सामना करना पड़ रहा था।
सात-आठ अस्पतालों में टलता रहा ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार मरीज ने इस दौरान 7 से 8 अलग-अलग अस्पतालों में परामर्श लिया, लेकिन गांठ की जटिल स्थिति, महत्वपूर्ण नसों और प्रमुख रक्त वाहिकाओं की निकटता तथा संभावित जोखिमों को देखते हुए कई जगह ऑपरेशन टाल दिया गया।
लगातार उपचार न मिल पाने से मरीज मानसिक रूप से भी काफी हताश और भयभीत हो चुका था।
ईएनटी विभाग की सुनियोजित सर्जरी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
विशेषज्ञ उपचार की उम्मीद में मरीज ने सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ के ईएनटी विभाग से संपर्क किया। यहां चिकित्सकों की टीम ने विस्तृत नैदानिक जांच, आवश्यक रेडियोलॉजिकल परीक्षण और समग्र मूल्यांकन के बाद सर्जरी का निर्णय लिया। सुनियोजित शल्य योजना बनाकर महत्वपूर्ण संरचनाओं को सुरक्षित रखते हुए गांठ को पूर्ण रूप से निकाल दिया गया।
यह जटिल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार, सहायक प्रोफेसर डॉ. शुभम मित्तल, वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. प्रीति तथा रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. चंदन की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन उच्च तकनीकी दक्षता, बेहतर टीम समन्वय और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सहायता से किया गया।
मरीज स्वस्थ, संस्थान ने दी बधाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है। चिकित्सकों के अनुसार मरीज शीघ्र ही सामान्य जीवनचर्या में लौट सकेगा। मरीज और उसके परिजनों ने संस्थान और पूरी चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. बरखा गुप्ता, वरिष्ठ सलाहकार ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. सहगल, महाप्रबंधक एन. वर्धराजन, रघुवर दत्त तथा चिकित्सा अधीक्षक मेजर जनरल चरणजीत सिंह अहलूवालिया ने ईएनटी विभाग की टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। संस्थान के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. जे. रामचंद्रन और उपाध्यक्ष राम्या रामचंद्रन ने भी टीम के समर्पण, विशेषज्ञता और उच्च स्तरीय रोगी सेवा की सराहना करते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।
