हापुड़ (शिखर समाचार)
भानू चंद्र गोस्वामी ने मंगलवार को हापुड़ कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य व्यवस्था में सुधार लाने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और नियमित जांच प्रणाली लागू करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग में साप्ताहिक निरीक्षण और जांच अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि लंबित मामलों का समय पर निस्तारण हो और कार्यालयी कार्य पारदर्शी ढंग से संचालित हो।
विभिन्न विभागों की फाइलों और अभिलेखों की गहन जांच
कमिश्नर ने राजस्व लेखा विभाग, अभिलेख कक्ष, भूलेख शाखा, संयुक्त कार्यालय, शस्त्र अनुभाग समेत कई विभागों की फाइलों, पंजिकाओं और दस्तावेजों की विस्तार से जांच की। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यालय में होने वाले सभी कार्यों का विवरण अनिवार्य रूप से पंजिका और संगणक प्रणाली दोनों में सुरक्षित रखा जाए। डाटा सुरक्षित रखने की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत अभिलेख उपलब्ध हो सकें।
साप्ताहिक समीक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने पटल से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा स्वयं करें और यह सुनिश्चित करें कि अधीनस्थ कर्मचारी सभी कार्य नियमानुसार कर रहे हैं। पंजिकाओं का संधारण, अभिलेखों की सुरक्षा और संबंधित प्रपत्रों का सही रखरखाव प्रशासनिक जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
