भूपेंद्र कुमार शर्मा
गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़ (शिखर समाचार) प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री तथा जनपद हापुड़ के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने केंद्रीय बजट को देश की दीर्घकालिक प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि यह बजट आने वाले वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय रूपरेखा केवल आय व्यय का ब्योरा नहीं बल्कि समावेशी और संतुलित विकास का स्पष्ट खाका प्रस्तुत करती है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखा गया है। सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में आयोजित बैठक के दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से जुड़े मुद्दों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत आयोजित संवाददाता वार्ता में उन्होंने विस्तार से बजट की विशेषताएं बताईं।
बजट से बदलेगी तस्वीर: खेती से कारोबार तक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मंत्री ने कहा कि इस बजट में कृषि, सिंचाई, शहरी ढांचा, लघु एवं मध्यम उद्योग, पर्यटन और सेवा क्षेत्र को विशेष बल दिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और नए काम के अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से आधुनिक सिंचाई योजनाओं का विस्तार, जल संरक्षण तंत्र की मजबूती और कृषि आधारभूत संरचना के विकास के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। इससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।
युवा-महिला सशक्तिकरण से सामाजिक सुरक्षा तक, बजट में समावेशी विकास का मजबूत रोडमैप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
उन्होंने युवाओं के संदर्भ में कहा कि कौशल विकास अभियानों को गति देने, स्वयं रोजगार योजनाओं को बढ़ावा देने, नवाचार आधारित उद्यमों को सहयोग देने और नए उद्यम स्थापित करने वालों को प्रोत्साहन देने की दिशा में बजट में कई प्रभावी प्रावधान शामिल हैं। इससे पढ़े-लिखे युवाओं के लिए स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में अवसर बढ़ेंगे। महिला सशक्तिकरण, पोषण योजनाओं, स्वच्छ पेयजल, आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों को भी बजट में प्राथमिकता दी गई है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंच सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, गढ़ विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिलाध्यक्ष कविता माधरे, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, पुनीत गोयल, राजीव सिरोही, प्रमोद, प्रशांत, दीपक भाटी, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. पायल गुप्ता, राजेश शर्मा, सुभाष प्रधान, राजीव शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
