हापुड़ (शिखर समाचार)।
नेशनल हाईवे-9 पर थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से गढ़ की ओर जा रहा खिलौना साइकिल से भरा एक कैंटर अचानक आग की चपेट में आ गया। चलती गाड़ी में आग लगते ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई।
धुआं उठते ही कैंटर में भड़की आग, चालक सुमित की सतर्कता ने टाला बड़ा हादसा
बताया गया कि कैंटर जैसे ही बाबूगढ़ क्षेत्र में पहुंचा, तभी वाहन के पिछले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक सुमित, निवासी अलीपुर छिरामऊ, जिला कासगंज, ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और चलते वाहन से कूदकर जान बचाई। राहत की बात यह रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू में करने के लिए फायर कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक कैंटर में लदा लाखों रुपये का खिलौनों का सामान जलकर राख हो चुका था।
रात्रि गश्त पर मौजूद थाना प्रभारी ने तुरंत किया राहत कार्य, हाईवे पर जाम टला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
घटना के समय थाना बाबूगढ़ के प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मौके पर यातायात को भी नियंत्रित कराया, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति न बने।
फायर ब्रिगेड कर्मियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
