मतदाता केंद्रों के औचक निरीक्षण में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Serious irregularities surfaced during surprise inspections of polling stations IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

——कई बूथों पर बीएलओ नदारद, एक विद्यालय का मुख्य द्वार मिला बंद

बिजनौर (शिखर समाचार) जिलाधिकारी जसजीत कौर ने सदर तहसील क्षेत्र अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की वास्तविक स्थिति परखने के उद्देश्य से विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई मतदान केंद्रों पर लापरवाही और अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए।

मतदान केंद्र पर अनुपस्थित अधिकारी, जिलाधिकारी ने लिया कड़ा रुख

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय हमीरपुर सुधा में स्थापित मतदान केंद्र से की गई। यहां नियुक्त दोनों बूथ स्तरीय अधिकारी मौके पर अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय में मौजूद सहायक अध्यापक नरेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस मतदान केंद्र पर जैनब और कीसा नामक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बीएलओ के रूप में तैनात किया गया है, लेकिन निरीक्षण के समय वे उपस्थित नहीं थीं। जिलाधिकारी ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों को जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, शाहबाजपुर स्थित मतदान केंद्र पहुंचीं। यहां बीएलओ के रूप में तैनात जसवंत कुमार और जितेंद्र सिंह उपस्थित मिले। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि निरीक्षण के दिन किसी भी मतदाता द्वारा आवेदन पत्र नहीं भरा गया। जब जिलाधिकारी ने मतदाता आवेदन पत्रों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली तो सामने आया कि नया नाम जोड़ने से संबंधित प्रपत्र सीमित संख्या में उपलब्ध हैं, जबकि नाम हटाने या संशोधन से संबंधित प्रपत्र केंद्र पर उपलब्ध ही नहीं हैं।

जिलाधिकारी का निर्देश: सभी मतदान केंद्रों पर प्रपत्र उपलब्ध और घर-घर सेवा सुनिश्चित

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता आवेदन से जुड़े सभी प्रपत्र पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो मतदाता किसी कारणवश स्वयं मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके पास जाकर आवेदन भरवाना बूथ स्तरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी जब प्राथमिक विद्यालय तिमरपुर स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचीं, तो विद्यालय का मुख्य द्वार बंद मिला और ताले लगे हुए पाए गए। मतदान केंद्र बंद मिलने की स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित कार्य लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने की हिदायत दी।

Share This Article
Leave a comment