नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार) भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि ने नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर रावण पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सांसद क्षेत्र के विकास कार्यों की अनदेखी कर केवल बयानबाजी और विवादों के जरिए सुर्खियां बटोरने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से कोई ठोस विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देता, जबकि बड़े-बड़े दावे करके जनता को गुमराह किया जा रहा है।
अनूप बाल्मीकि का आरोप: सांसद चंद्रशेखर रावण ने समाज में भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया
अनूप बाल्मीकि ने जारी बयान में कहा कि सांसद चंद्रशेखर रावण अपने भ्रमण कार्यक्रमों के दौरान समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाली भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और जातिगत भावनाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मेरठ की एक हालिया घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पुलिस द्वारा रोके जाने पर सांसद ने मर्यादा लांघते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाया और स्थिति बिगड़ती देख मौके से भाग खड़े हुए। यह आचरण किसी भी जनप्रतिनिधि की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि नगीना में सरकारी कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान सांसद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हैं तथा उनकी भाषा शैली अपमानजनक होती है। अनूप बाल्मीकि ने कहा कि एक निर्वाचित प्रतिनिधि का दायित्व है कि वह शालीनता और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखे, न कि भय और दबाव का वातावरण बनाए।
क्षेत्रीय मंत्री का आरोप: सांसद के प्रदर्शन में दिखा सिर्फ प्रचार, नहीं कोई समाधान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/school-bus-overturns-causing-panic/
क्षेत्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग कालाखेड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित अंडरपास के मुद्दे पर भी सांसद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचकर अनावश्यक हंगामा खड़ा करते हैं और रेल मंत्री के कार्यालय के सामने दरी बिछाकर धरने पर बैठने जैसी बयानबाजी करते हैं, जो पूरी तरह से निरर्थक है। उनका कहना था कि यह सब केवल प्रचार पाने की कोशिश है, न कि किसी वास्तविक समाधान का प्रयास।
अनूप बाल्मीकि ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अंडरपास और ऊपरी पुलों का निर्माण लगातार करा रही है। उसी क्रम में नगीना क्षेत्र में भी अंडरपास और ऊपरी पुल के निर्माण का प्रस्ताव पहले से स्वीकृत है। वर्तमान में कई स्थानों पर ऐसे निर्माण कार्य चल रहे हैं और उनके पूरा होने के बाद नगीना में भी कार्य आरंभ हो जाएगा। इसके लिए किसी भी नेता द्वारा व्यक्तिगत श्रेय लेना न तो उचित है और न ही स्वीकार्य। उन्होंने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो सरकार की योजनाओं और नीतियों के तहत आगे बढ़ती है, न कि किसी एक व्यक्ति की बयानबाजी से। जनता अब सब समझ चुकी है और केवल वही नेता स्वीकार किए जाएंगे, जो वास्तव में धरातल पर काम करके दिखाएं, न कि जातिगत जहर फैलाकर और खोखले वादों से भ्रम पैदा करें।
