गाजियाबाद में 500 महिलाओं ने देखा लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, साड़ी-मिठाई से हुआ सम्मान

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
500 women in Ghaziabad witnessed the launch of the Lokmata Ahilyabai Matrushakti Yatra Scheme and were honored with sarees and sweets. IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सीधा प्रसारण किया गया। गाजियाबाद में लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 500 महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन देखा और सुना।

60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में आर्थिक कारणों से महिलाओं को आवागमन में परेशानी होती है। निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने सरकार की विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी।

रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार ने सभी महिलाओं, माताओं और बेटियों के लिए भी 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की है। इससे महिलाएं पर्व के दौरान मायके और अन्य गंतव्यों तक बिना अतिरिक्त यात्रा खर्च के आवागमन कर सकेंगी।

11 महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर किया सम्मानित

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सुशीला, मंजू शर्मा, मोनिका, विमल पाल, पिंकी रानी, नेहा, प्रियंका रस्तोगी, पूजा गौतम, पूनम त्यागी, नीतू सिंह और सरिता सहित 11 महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य महिलाओं को भी साड़ी और मिठाई प्रदान की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, नगर मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी, परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक केसरी नंदन चौधरी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन आलोक दास ने किया।

Share This Article
Leave a comment