आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को हिन्दी भवन में पूरे उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया।
दिव्यांग मतदाताओं का भव्य स्वागत, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का वीडियो संदेश कार्यक्रम में जोड़ गया जान
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले दिव्यांग मतदाताओं का बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया। मंच पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और एसआईआर व निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान नन्हें कलाकारों ने सांस्कृतिक, धार्मिक और मतदाता जागरूकता से संबंधित गीतों व नुक्कड़ नाटकों की शानदार प्रस्तुतियां देकर लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने मतदाता बनने और फार्म-6 भरने की आवश्यक्ता पर दी जोरदार अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ा अधिकार है और मतदान करने से पहले मतदाता बनना अनिवार्य है। उन्होंने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि इसके लिए फार्म-6 भरना जरूरी है, जिसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भरा जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी/स्वीप नोडल अभिनव गोपाल, अपर नगरायुक्त राज बहादुर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, एसडीएम अरुण दीक्षित सहित अन्य अधिकारियों ने दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इसके साथ ही एसआईआर अभियान में सहयोग देने वाले उद्यमियों, निर्वाचन कर्मियों और अन्य सहयोगियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, प्रबंधकों और संचालकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
