मोदीनगर (शिखर समाचार)।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि आज के तकनीकी और प्रतिस्पर्धा के दौर में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों का ज्ञान रखने के साथ-साथ किसी एक विषय पर अनुशासन के साथ विशेष ध्यान केंद्रित करना भी आवश्यक है। जयंत चौधरी शुक्रवार को मोदीनगर में डॉ केएन मोदी फाउंडेशन की ओर से आयोजित आशीर्वचनम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बार शिक्षा क्षेत्र के लिए बजट में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है और उसमें कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय स्कूली शिक्षा के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और प्रदेश के समग्र विकास में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जयंत चौधरी ने कहा कि एक समय मोदीनगर को औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब मोदी फाउंडेशन के प्रयासों से यह नगर शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि फाउंडेशन की ओर से विभिन्न प्रकार की शिक्षा के साथ-साथ लगभग 10,000 विद्यार्थियों को कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परीक्षाओं को लेकर एक प्रकार की होड़ सी लग गई है, जो उचित नहीं है। बच्चों पर परीक्षा का अत्यधिक दबाव नहीं डाला जाना चाहिए, क्योंकि उनके जीवन में आगे भी अनेक परीक्षाएं आती रहेंगी।
शिक्षक और शिक्षा की गुणवत्ता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
जयंत चौधरी ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक वही होता है जो पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर बागपत मोदीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और भविष्य में प्रस्तावित विकास योजनाओं के बारे में बताया। वहीं भाजपा विधायक डॉ मंजू शिवाच ने मोदी फाउंडेशन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
फाउंडेशन की पहल और कौशल केंद्र का उद्घाटन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ डीके मोदी ने फाउंडेशन की विभिन्न संस्थाओं में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगारोन्मुख शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की सभी संस्थाओं में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान जयंत चौधरी ने डॉ केएन मोदी विश्वविद्यालय मोदीनगर में स्थापित कौशल विकास एवं उद्यमिता केंद्र का उद्घाटन किया तथा विभिन्न संस्थाओं के मेधावी विद्यार्थियों को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में शामिल लोग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/social-felicitation-of-bjps-newly-appointed/
कार्यक्रम में मानव मोदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ डीके मोदी और मानव मोदी ने जयंत चौधरी को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन राजीव सक्सेना ने किया।
इस अवसर पर सिवाल खास के विधायक गुलाम मोहम्मद, मोदीनगर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद वैशाली, मानव मोदी, रेनू मोदी, निधि मोदी, मेघराज शर्मा सहित फाउंडेशन से जुड़े अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
