गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में जिम के माध्यम से बॉडी बनाने का नशा नवयुवकों पर ऐसा चढ़ा है कि उन्होंने सप्लीमेंट खरीदने के खर्च को उठाने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में मार्बल व्यापारी से बॉडी बिल्डिंग के सप्लीमेंट खरीदने के लिए 9 युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। ग्रामीण पुलिस ने इस संबंध में 6 अभियुक्त अमन, मोनू, वसीम, हर्ष फैसल और मयंक को गिरफ्तार किया है। वही लूट के तीन आरोपी अभी फरार है, जिनको गिरफ्तार करने के लिए टीम लगी हुई है। संवाददाता सम्मेलन में डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि बीती 16 जनवरी 2025 को केसरी सिंह के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि पीड़ित केसरी सिंह अपने नौकर के साथ दुकान से निकले थे। इसी दौरान कुछ मीटर पर उनको बाइक सवार युवकों ने रोका और उनके सिर पर वार करके लूट की वारदात को अंजाम दिया। पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम ग्रामीण जोन व थाना लोनी बॉर्डर पुलिस जुट गई। घटना का खुलासा करने के लिए सीसीटीवी कैमरा को खंगाल गया और उसके बाद इन 6 अभियुक्तों को 67500 रुपये नगद, घटना में प्रय़ुक्त 2 डण्डे और 2 मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इन नवयुवकों का कोई भी आपराधिक इतिहास नहीं है। पुलिस पूछताछ में इन्होंने बताया कि अपना शौक पूरा करने के लिए इन्हें पैसे की आवश्यकता थी और इन्होंने मार्बल व्यापारी की रेकी करना शुरू किया। जब व्यापारी स्कूटी से निकला तो इन्होंने उसका रास्ता रोक कर लूट की वारदात का अंजाम दिया। व्यापारी के पास से लगभग 75000 इन्हें प्राप्त हुए, जो इन्होंने डर की वजह से छुपा दिए।
