ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रिहायशी और गैर रिहायशी संस्थाओं के लिए स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी पालन को प्रोत्साहित करना और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना है।
स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान को मिलेगा बड़ा सम्मान, लाखों के पुरस्कारों की घोषणा
प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में रिहायशी श्रेणी की बल्क वेस्ट जनरेटर सोसाइटियों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सोसाइटी को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि द्वितीय स्थान पर रहने वाली को पचहत्तर हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाली को पचास हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार के रूप में दो सोसाइटियों को पच्चीस पच्चीस हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। यही पुरस्कार व्यवस्था गैर रिहायशी संस्थाओं के लिए भी लागू की गई है।
प्राधिकरण के अनुसार ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट कूड़ा प्रबंधन नियम 2016 प्रभावी रूप से लागू हैं, जिनके अंतर्गत बल्क वेस्ट जनरेटरों को अपने परिसर से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण स्वयं करना होता है। प्राधिकरण केवल पुनर्चक्रण योग्य न होने वाले अपशिष्ट को ही उठाता है। अधिकांश रिहायशी सोसाइटियां बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आती हैं। इसी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन जी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने ग्रेटर नोएडा की सभी रिहायशी और गैर रिहायशी बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थाओं से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 26 दिसंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 जनवरी निर्धारित की गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए विभिन्न मानक तय किए गए हैं, जिनके आधार पर प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम आवेदनों का मूल्यांकन करेगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी फरवरी माह में प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी के आयोजन के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल से न केवल स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सोसाइटियों और संस्थाओं के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा भी विकसित होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी एस ने सभी रिहायशी और गैर रिहायशी संस्थाओं से स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए अपने परिसरों को स्वच्छ रखने और ग्रेटर नोएडा को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में सहयोग करने की अपील की
