गाजियाबाद/ गौतमबुध नगर (शिखर समाचार)। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सड़क हादसों में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग लगातार कार्यवाही कर रहा है। वहीं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नियम विरुद्ध चल रही बसों और वाहनों पर भी कार्यवाही की जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे पर परिवार विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए 50 बसों का चालान किया और 42 वाहनों को सीज किया। हाईवे पर कार्यवाही डॉ. सिया राम वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन गाजियाबाद के नेतृत्व में सम्भाग गाजियाबाद के प्रवर्तन अधिकारियों के साथ की गयी। अभियान के तहत बिना परमिट, बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, अनुचित स्थानों पर सवारी उतारने चढ़ाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित बसों की गहन जांच की गयी। अभियान में केन्द्रीय मोटर वाहन अधिनियम एवं उप्र मोटरयान कराधान अधिनियम के प्राविधानों का उल्लघंन करने वाली 50 बसों का चालान करते हुए 42 वाहनों को निरूद्ध/सीज किया गया। कार्यवाही के फलस्वरूप प्रशमन शुल्क 15 लाख भी आरोपित किया गया। प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान निरूद्ध की गयी 29 बसो को मोरना बस डिपों एवं 13 बसों को कासना बस डिपों में खड़ा कराया गया है।
अवैध बसों के खिलाफ सख्त अभियान, प्रवर्तन अधिकारियों ने 50 वाहनों पर कार्रवाई की
इसके अलावा प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं वैध प्रपत्रों के साथ ही वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिये गये। डॉ. सिया राम वर्मा ने बताया कि अनाधिकृत बसों का संचालन न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिये खतरा है, बल्कि वैध रूप से संचालित परिवहन सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी। यात्री केवल अधिकृत एवं परमिट धारी वाहनों में ही यात्रा करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना विभाग को उपलब्ध करायें, जिससे सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। अभियान में डॉ. उदित नारायण एआरटीओ (प्रवर्तन) गौतमबुद्धनगर ने 10, राजेश मोहन यात्री / मालकर अधिकारी ने 9, अभिषेक कनौजिया एआरटीओ (प्रवर्तन) गौतमबुद्धनगर ने 7, नन्द कुमार एआरटीओ (प्रवर्तन) गौतमबुद्धनगर ने 6, केजी संजय यात्री / मालकर अधिकारी ने 6, अमित राजन राय एआरटीओ (प्रवर्तन) गाजियाबाद ने 3, विकास अस्थाना यात्री / मालकर अधिकारी, बुलन्दशहर ने 3, मनोज कुमार मिश्रा आरटीओ (प्रवर्तन) गाजियाबाद ने 2 एवं नीतू शर्मा एआरटीओ (प्रवर्तन) बुलन्दशहर ने 2। इस प्रकार कुल 50 बसों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी।
