बिजनौर (शिखर समाचार) प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि गांवों की आत्मनिर्भरता ही प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति की मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जमीन पर उतारने में ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना एक निर्णायक और दूरगामी पहल सिद्ध होगी।
भ्रष्टाचार पर सख़्त प्रहार: जियो टैगिंग से योजनाओं में पारदर्शिता और श्रमिकों को पूरा हक़
शनिवार को बिजनौर कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रभारी मंत्री ने बताया कि योजना को पूर्ण पारदर्शिता के साथ लागू किया गया है। भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने के लिए सभी कार्यों की भौगोलिक टैगिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे कार्यस्थल की निगरानी सुनिश्चित होगी और श्रमिकों को उनके परिश्रम का पूरा लाभ सीधे मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि श्रमिक निर्धारित समय तक ईमानदारी से कार्य करें और मजदूरी में किसी प्रकार की कटौती या गड़बड़ी न हो।
कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि योजना के अंतर्गत गांवों में सड़क निर्माण, नालियों का विकास तथा आंगनबाड़ी भवनों जैसे स्थायी निर्माण कार्य कराए जाएंगे। किसानों और मजदूरों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजना का कार्य-क्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि बुवाई और कटाई के मौसम में श्रमिकों की कमी न पड़े। इससे खेती और निर्माण कार्य दोनों संतुलन के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
बिचौलियों पर रोक, श्रमिकों के अधिकार सुरक्षित—ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताक़त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bunty-babli-who-cheated-on-the-pretext/
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिचौलिया प्रथा को समाप्त कर श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा की जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, जिला समन्वयक मनरेगा आरपी यादव, उप जिलाधिकारी हर्ष चावला, रितु चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
