गाजियाबाद (शिखर समाचार) उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद, जिला पंचायतों और नगर निगमों में व्याप्त अनियमितताओं को रोकने और जांच करने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक दुर्गावती देवी सभागार विकास भवन में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विधान परिषद के सभापति कुँवर महाराज सिंह ने की, जबकि समिति के अन्य सदस्य डॉ. जयपाल सिंह, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, धर्मेन्द्र कुमार भारद्वाज, पवन सिंह और शहनवान खान की उपस्थिति में यह बैठक संपन्न हुई।
अधिकारियों ने स्वागत किया समिति सदस्यों का, विभागवार समीक्षा बैठक से हुई कार्यों की गहन समीक्षा
बैठक के शुभारंभ पर गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर और गाजियाबाद के अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ, शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर समिति के सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके पश्चात क्रमवार जिला अधिकारियों के साथ विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
गौतमबुद्ध नगर की बैठक के दौरान नामित अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर समिति ने नाराजगी व्यक्त की। नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए, इसलिए उन्हें संबंधित प्रकरणों पर विस्तृत जानकारी देने हेतु लखनऊ आने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पंचायत विभाग की कार्यप्रणाली की समिति ने प्रशंसा की। बुलन्दशहर की बैठक में भी अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण बैठक कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।
गाजियाबाद में विभागवार समीक्षा बैठक: सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने और कार्रवाई के दिए सख्त निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decline-in-pending-investigations-in-meerut/
गाजियाबाद में आयोजित विभागवार समीक्षा बैठक में सभी विभागों के प्रकरणों की सूक्ष्म जांच की गई। समिति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न हो, पूर्व में हुए अतिक्रमणों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई तुरंत की जाए।
समिति ने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी व्यक्ति की समस्या को अधिकारियों द्वारा गंभीरता से सुना जाए और उसका तत्काल, गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से गरीब, असहाय और दुर्लभ वर्ग के लोगों के लिए ठण्ड से सुरक्षा हेतु आवश्यक इंतजाम किए जाएं। विभागों द्वारा चिन्हित और अन्य आवश्यक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाए और कम्बल वितरण का भी ध्यान रखा जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

समिति ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य किए जाएं और किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। साथ ही, जनपदों से लगातार प्राप्त हो रही पेयजल संबंधी शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में समिति की ओर से हरि प्रताप सिंह (समिति अधिकारी), कपिल श्रीवास्तव (निजी सचिव), अभिषेक पाण्डेय (सहायक समिति अधिकारी), अर्चित वाजयेई (वृत्त लेखा), रविपाल सिंह (अपर निजी सचिव) सहित गाजियाबाद से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, जीडीए उपाध्यक्ष नन्दकिशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीडीओ अभिनव गोपाल, जीडीए सचिव विवेक मिश्र, कार्यक्रम नोडल अधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, एडीएम एल/ए अवनीश कुमार मिश्र, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित और आवास विकास परिषद व जिला पंचायती राज विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। गौतमबुद्ध नगर और बुलन्दशहर से भी प्रमुख अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
समिति ने बैठक के समापन पर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले एक माह में सभी प्रकरणों पर विस्तृत आख्या समिति को प्रस्तुत की जाए।
