——बिजनौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर थाना अध्यक्ष पहले ही निलंबित
आरव शर्मा
बिजनौर (शिखर समाचार)।
जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ व कट्टरपंथी सामग्री प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि विदेश में बैठे तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
सोशल मीडिया से सामने आया मामला
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आकिब नामक युवक का लाइव शस्त्र प्रदर्शन और मैजुल द्वारा उसे साझा किया गया वीडियो तेजी से वायरल हुआ। जांच में सामने आया कि यह केवल एक वीडियो नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने का प्रयास था।
नांगल थाना पुलिस ने इस मामले में उबैद मलिक (निवासी चांदपुर) और जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी (निवासी मुंडा खेड़ा, नजीबाबाद) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा करने में किया जा रहा था।
विदेश से चल रहा था नेटवर्क
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मैजुल (दक्षिण अफ्रीका), आकिब (सऊदी अरब) और उनका साथी आजाद फिलहाल विदेश में रहकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। इन तीनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है, ताकि देश में प्रवेश करते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि सभी आरोपी गुजरात में काम करने के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे, जहां से इस नेटवर्क की शुरुआत हुई। गिरफ्तार आरोपी उबैद और जलाल हैदर, विदेश में बैठे अपने साथियों के निर्देश पर स्थानीय स्तर पर गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
थाना प्रभारी निलंबित, जांच जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
इस संवेदनशील मामले में प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही और त्रुटिपूर्ण विवेचना के आरोप में बिजनौर के पुलिस अधीक्षक पहले ही नांगल थाना अध्यक्ष सत्येंद्र मलिक को निलंबित कर चुके हैं। वर्तमान में मामले की जांच नजीबाबाद के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
