गाजियाबाद (शिखर समाचार)। सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए गाजियाबाद पुलिस लगातर गुमशुदा फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सपुर्द कर रही है। मंगलवार को ट्रांस हिंडन जोन पुलिस ने विभिन्न कम्पनियों के 246 मोबाइल बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रूपये है। पुलिस ने मोबाइल रिकवर करके उनके स्वामियों को सपुर्द भी कर दिए। वहीं थाना शालीमार गार्डन और थाना टीला मोड़ की सीईआईआर टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। संवाददाता सम्मेलन में डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि ट्रांस हिंडन के सभी थानों, सर्विलांस व स्वॉट टीम ने 246 मोबाइल बरामद किए है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रूपये है। सभी रिकवर किए गए मोबाइल को उनके स्वामियों को सपुर्द कर दिए गए है। थाना शालीमार गार्डन ने 65% और थाना टीला मोड़ की सीईआईआर टीम ने 59% मोबाइल रिकवर किए, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है। इसके अलावा थाना इंदिरापुरम ने 61, थाना कौशाम्बी ने 69, थाना खोड़ा ने 31, थाना साहिबाबाद ने 25, थाना लिंकरोड ने 23, थाना शालीमार गार्डन ने 26 व थाना टीला मोड़ ने 11 मोबाइल बरामद किए।
