गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आईटीएस मोहन नगर में 1 महीने के लिए बिहेवियरल ट्रेनिंग फैसिलिटेशन कार्यक्रम का बुधवार को समापन कर दिया गया है। इस दौरान यातायात माह नवंबर -2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 3 यातायात निरीक्षक और 3 यातायात उपनिरीक्षकों को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के दैनिक कर्तव्य में सराहनीय कार्य करने पर 2 यातायात उपनिरीक्षक, 5 मुख्य आरक्षी और 4 आरक्षी को भी सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य यातायात पुलिस कर्मियों के व्यावहारिक कौशल को ओर अधिक बढ़ाना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करते हुए मोटिवेट करना है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को मोटिवेट करने के लिए आगे भी इसी तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समापन कार्यक्रम के दौरान डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन, एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद, ट्रैफिक इंस्पेक्टर और लगभग 310 ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

