ईद उल फितर पर मेरठ रेंज में कड़ी सुरक्षा, 460 ईदगाह व 1865 मस्जिदों में होगी नमाज

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Tight security in Meerut range for Eid ul Fitr; prayers to be held in 460 Eidgahs and 1,865 mosques IMAGE CREDIT TO POLICE

मेरठ (शिखर समाचार)। आगामी ईद उल फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मेरठ रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। मेरठ रेंज के चारों जिलों—मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में कुल 460 ईदगाह और 1865 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे परिक्षेत्र में 23 जोन, 79 सेक्टर और 66 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं, जबकि लगभग पांच हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस तैनाती

ALSO READ:https://www.aajtak.in/uttar-pradesh/story/ghaziabad-bank-guard-shoots-dead-manager-in-loni-over-leave-dispute-lclam-rpti-2497998-2026-03-16

मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी और थाना व चौकी प्रभारियों की जवाबदेही तय की गई है। सुरक्षा के तहत 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 22 क्षेत्राधिकारी, 95 निरीक्षक, 805 उपनिरीक्षक, 1100 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी और 1090 होमगार्ड व पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन कंपनी पीएसी भी लगाई गई हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/

चारों जिलों में कुल 208 स्थानों को संवेदनशील या हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ-साथ लगातार पैदल गश्त की जाएगी। मेरठ में 158 ईदगाह और 544 मस्जिदों, बुलंदशहर में 150 ईदगाह और 414 मस्जिदों, बागपत में 68 ईदगाह और 451 मस्जिदों तथा हापुड़ में 84 ईदगाह और 456 मस्जिदों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन की तैयारी और सख्त निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/wahab-chaudhary-expelled-from-bsp/

पुलिस प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए पीस कमेटी, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें की हैं। साथ ही नगर निगम, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बाजारों और मॉल में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने, ईद की पूर्व संध्या और नमाज के समय मस्जिदों के आसपास निगरानी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि त्योहार सौहार्द और शांति के माहौल में संपन्न हो सके।

Share This Article
Leave a comment