वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ तीसरा गुलदार, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Third leopard captured in forest department's cage, villagers heave a sigh of relief IMAGE CREDIT TO वन विभाग

नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)
नगीना क्षेत्र में गुलदार की दहशत से परेशान ग्रामीणों के लिए शुक्रवार को राहत भरी खबर सामने आई। ग्राम बघाला के जंगल में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक और गुलदार कैद हो गया। यह इस क्षेत्र में पकड़ा गया तीसरा गुलदार है। गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया।

गुलदार का आतंक, बघाला-नहटौर मार्ग पर ग्रामीणों में दहशत: वन विभाग से शिकायत के बाद बढ़ी चिंता

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/namo-bharat-train-security-ghaziabad-republic-day-alert-137021930.html

नगीना नहटौर मार्ग स्थित ग्राम बघाला एवं आसपास के जंगलों में बीते काफी समय से गुलदार की लगातार मौजूदगी देखी जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। गुलदार द्वारा कई ग्रामीणों पर हमले की घटनाएं भी सामने आ चुकी थीं, जिनमें कुछ लोग घायल हुए थे। इन घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से शिकायत की थी।

ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने ग्राम बघाला में सरदार साहिब सिंह के गन्ने के खेत में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए थे। इससे पहले इन्हीं पिंजरों में दो गुलदार पकड़े जा चुके थे, जबकि तीसरा गुलदार लंबे समय से क्षेत्र में दहशत का कारण बना हुआ था।

गन्ने के खेत में तीसरा गुलदार भी पकड़ा गया, वन टीम ने भीड़ को नियंत्रित कर सफलतापूर्वक किया कैद

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/authority-cracks-down-on-illegal-construction/

शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे तीसरा गुलदार भी गन्ने के खेत में लगे पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप शर्मा को दी।
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप शर्मा वन दरोगा धर्मेंद्र सिंह सहित नईम अहमद, मोहित कुमार, अभिषेक, लाल सिंह एवं अन्य वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए गुलदार को अपनी निगरानी में लिया।

वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि गुलदार को पिंजरे सहित नगीना कोतवाली मार्ग स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में सुरक्षित रखा गया है। पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई उनके दिशा निर्देशों के अनुसार की जाएगी। तीसरे गुलदार के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और वन विभाग की कार्रवाई की सराहना की है।

Share This Article
Leave a comment