शादी का न्योता निकला ठगी का फंदा, ग्राम प्रधान का बैंक खाता हुआ खाली

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
The wedding invitation turned out to be a scam, and the village head's bank account was emptied IMAGE CREDIT TO कृष्ण देव प्रोफाइल फोटो

मुरादनगर (शिखर समाचार)। साइबर अपराधियों ने शादी के निमंत्रण की आड़ में बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम देते हुए ग्राम मकरेड़ा के ग्राम प्रधान कृष्ण देव आर्य के बैंक खाते से 95 हजार 500 रुपये की रकम उड़ा ली। इस घटना से क्षेत्र में साइबर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता गहरा गई है।

शादी के निमंत्रण का मैसेज बना साइबर ठगी की शुरुआत, एक जवाब पड़ा भारी

ALSO READ:https://www.thehindu.com/news/national/uttar-pradesh/10-arrested-for-distributing-swords-in-ghaziabad-after-video-goes-viral/article70454049.ece

जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर को कृष्ण देव आर्य के मोबाइल फोन पर उनके परिचित राकेश शर्मा, जो लेखपाल हैं, के नंबर से शादी के निमंत्रण से जुड़ा एक संदेश प्राप्त हुआ। परिचित का नाम और सामान्य संदेश होने के कारण उन्होंने उसे संदेह के बिना पढ़कर केवल ‘ठीक है’ लिखकर जवाब दे दिया। इसके बाद उन्होंने उस संदेश पर कोई ध्यान नहीं दिया।

बताया जा रहा है कि इसी संदेश के जरिए साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। 26 दिसंबर को भारतीय स्टेट बैंक की भिक्कनपुर शाखा में स्थित उनके बचत खाते से छह अलग अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 95 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान बैंक की ओर से न तो कोई सूचना संदेश मिला और न ही लेनदेन से संबंधित कोई जानकारी भेजी गई। 9 दिसंबर को जब ग्राम प्रधान ने अपने खाते की शेष राशि की जांच की, तब इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। उन्होंने तुरंत बैंक शाखा प्रबंधक से संपर्क कर खाते को अस्थायी रूप से बंद कराया, जिससे आगे किसी प्रकार की निकासी न हो सके।
पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और पीड़ित को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह घटना आम नागरिकों के लिए चेतावनी है कि किसी भी अनजान संदेश, लिंक या फाइल पर बिना जांच प्रतिक्रिया देना भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

Share This Article
Leave a comment