हापुड़ (शिखर समाचार) प्रदेश में औद्योगिक निवेश को गति देने और सुनियोजित शहरी विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉक्टर नितिन गौड़ को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। दिनांक 30 दिसंबर 2025 को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हापुड़ में निवेश शिखर सम्मेलन आयोजित कराने तथा उद्योगों की स्थापना हेतु त्वरित और प्रभावी कार्यवाही के लिए उपाध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व से हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने रचा वित्तीय सफलता का नया इतिहास
इस अवसर पर डॉक्टर नितिन गौड़ ने प्रदेश के औद्योगिक एवं शहरी विकास के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच और सशक्त नेतृत्व के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों और प्रमुख सचिव के सहयोग से हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने वित्तीय प्रगति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां प्राधिकरण को 112 करोड़ रुपये का लाभ प्राप्त हुआ था, वहीं वर्ष 2024-25 में यह लाभ बढ़कर 435 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिस पर मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव ने बधाई दी।
उपाध्यक्ष नितिन गौड़ ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि प्राधिकरण क्षेत्र में शीघ्र ही हरिपुर आवासीय योजना प्रारंभ की जाएगी, जिससे क्षेत्र में सुव्यवस्थित, संतुलित और दीर्घकालिक विकास को मजबूती मिलेगी। यह योजना आवास, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के बेहतर समन्वय का उदाहरण बनेगी। इसके साथ ही दुर्बल आय वर्ग के लिए संचालित आवासीय योजनाओं में हुई प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को कुल 956 आवास इकाइयों के लिए लकी ड्रा संपन्न कराया गया, जिससे बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।

बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार और निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र एवं भूमि बैंक के विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा कि औद्योगिक ढांचे को मजबूत करना प्रदेश की आर्थिक उन्नति और रोजगार सृजन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र को औद्योगिक और आवासीय विकास का आदर्श मॉडल बनाएगा।
