नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार) तहसील प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ग्राम समाज की खलिहान भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया। तहसीलदार अमरपाल सिंह ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कराया और भूमि को पुनः ग्राम समाज के सुपुर्द कर दिया।
खलिहान भूमि पर अवैध कब्जे का मामला उजागर, राजस्व जांच में दर्ज हुआ तथ्य
मामला थाना क्षेत्र के ग्राम जीतपुर पलड़ी का है, जहां निवासी राजपाल सिंह पुत्र बल्लू सिंह पर 14 जनवरी को खलिहान भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप सामने आया था। शिकायत प्राप्त होने पर तहसीलदार के निर्देश पर क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक कमल कुमार शर्मा एवं संबंधित हल्का लेखपाल द्वारा स्थल का निरीक्षण कर तथ्यात्मक जांच की गई। जांच में सामने आया कि वर्तमान खतौनी 1429-1434 फसली के अनुसार खाता संख्या 91, गाटा संख्या 38, रकबा 0.417 हेक्टेयर भूमि खलिहान के रूप में दर्ज है।
उक्त भूमि पर पहले से पक्की सड़क, पानी की टंकी, सार्वजनिक शौचालय तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र (कूड़ा निष्पादन स्थल) स्थापित है। इसी कूड़ा निष्पादन स्थल के 352.5 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर राजपाल द्वारा सरकारी निर्माण के ऊपर दीवार खड़ी कर अवैध कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा था।
तहसीलदार की त्वरित कार्रवाई से अवैध कब्जा ध्वस्त, खलिहान भूमि कराई गई मुक्त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/a-male-elephant-died-a-mysterious-death/
सूचना मिलते ही तहसीलदार अमरपाल सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को गिरवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इसके बाद उक्त भूमि को ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
इस संबंध में तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि ग्राम समाज, खलिहान या चारागाह की किसी भी खाली पड़ी आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
