गाजियाबाद (शिखर समाचार)। एंटी करप्शन की टीम रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्यवाही कर रही है। गाजियाबाद में एक बार फिर महिला दरोगा को रंगेहाथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन टीम ने थाना साहिबाबाद में बनी हुई महिला थाने की रिपोर्टिंग चौकी पर तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। महिला दरोगा दहेज़ हत्या के मुकदमे में पैसे की मांग कर रही थी, जिसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने महिला दरोगा को मौके से गिरफ्तार किया। महिला दरोगा का मेडिकल प्रशिक्षण करने के बाद टीम उन्हें अपने साथ ले गई है और आगे की विधिक कार्यवाही में जुट गई है। आपको बता दे कि महिला दरोगा भुवनेश्वरी गाजियाबाद में मुठभेड़ करने वाली महिला टीम में भी शामिल थी और खुद गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने उन्हें सम्मानित भी किया था। शिकायतकर्ता रामपाल सैनी ने बताया कि वह मजदूरी का काम करते है और उन्हें जेल भेजने की धमकी देकर लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। पैसे की मांग से परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन टीम को सूचना दी। सूचना देने के बाद एंटी करप्शन की टीम मौके पर पहुंची और महिला को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि सरकार को ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। वहीं उन्हें अब अपनी सुरक्षा का भी भय सता रहा है और वह सरकार से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

