हापुड़ (शिखर समाचार)
थाना हापुड़ क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज की प्रयोगशाला (लैब) से एक प्रवक्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान और पेशेवर पृष्ठभूमि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जनपद के घटायन उत्तरी गांव निवासी राजेन्द्र चौधरी (56) पिछले 14 वर्षों से शांति स्वरूप इंटर कॉलेज में कृषि विज्ञान के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी यूपी बोर्ड की 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन हेतु एसएसवी इंटर कॉलेज में लगी हुई थी। इसी कारण वे पिछले पांच दिनों से कॉलेज परिसर की प्रयोगशाला में ही रह रहे थे।
घटना का विवरण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
बताया गया कि गुरुवार शाम वे मूल्यांकन केंद्र से कॉपियां जमा कर वापस कॉलेज लौटे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह निर्धारित समय पर मूल्यांकन केंद्र नहीं पहुंचे। इस पर संदेह होने पर एक कर्मचारी उन्हें बुलाने के लिए लैब के पास पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांकने पर प्रवक्ता जमीन पर पड़े दिखाई दिए।
सूचना मिलते ही प्रधानाचार्य व स्टाफ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान कमरे से एक कुकर में बने चावल, मेज पर रखे बिस्कुट और कुछ दवाएं बरामद हुईं।
परिवार और पुलिस की प्रतिक्रिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/wahab-chaudhary-expelled-from-bsp/
घटना की सूचना मिलते ही मृतक का पुत्र प्रभात मौके पर पहुंचा। पिता का शव देखकर वह फूट-फूट कर रो पड़ा, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय के अनुसार, प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
