ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति देने के लिए शुक्रवार को सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ और बीएलए की संयुक्त बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में बीएलओ की ओर से मृत, अनुपलब्ध/अनट्रेसेबल, स्थायी रूप से स्थानांतरित, डुप्लीकेट तथा अन्य श्रेणी में आने वाली प्रविष्टियों की सूची बीएलए को सौंपी गई, ताकि सत्यापन और खोज की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके।
जिलाधिकारी की मतदान बूथ समीक्षा: संवेदनशील सूची अपडेट में कोई भी योग्य मतदाता न छूटे
इसी सिलसिले में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी मेधा रूपम शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज, सूरजपुर ग्रेटर नोएडा स्थित मतदान बूथ पर पहुँचीं और मौके पर जारी कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ, बीएलए और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि संदिग्ध प्रविष्टियों की पहचान और पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने का कार्य अत्यंत संवेदनशील है और इसे पूरी जिम्मेदारी से अंजाम दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची में छूटना नहीं चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अब तक बीएलओ और बीएलए द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और टीम भावना के साथ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लगातार किए जा रहे कार्यों ने पुनरीक्षण अभियान को मजबूत गति दी है और अपेक्षा है कि सभी टीमें इसी समर्पण के साथ चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करेंगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें किसी संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक सुधार अवश्य कराएँ।
