गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे महानगर गाजियाबाद को जाममुक्त बनाते हुए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों का ध्यान रखने के लिए स्मार्ट यातायात बूथों की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने स्मार्ट यातायात बूथ का लोकार्पण किया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 20 स्मार्ट यातायात बूथों दिए है, जिसमें से 3 की शुरुआत हो चुकी है। यह तीनों बूथ यूपी गेट, गौर ग्रीन और कनवानी पुस्ता पर बनाए गए है। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण देने के लिए यह बूथ बनाए गए है। इन बूथ के अंदर 2 पुलिस कर्मियों के बैठने की व्यवस्था है। बूथ पर सोलर पैनल लगाया गया है, जिसके माध्यम से वह लाइट कैमरा व अन्य उपकरणों को चला सकते है। बूथ के गेट पासवर्ड आधारित है, जिससे कोई भी अन्य व्यक्ति बूथ के अंदर नहीं जा सकें। यह बूथ मजबूत और टिकाऊ सामग्री से बनाए गए है, जिससे कोई इन्हें तोड़ ना सके। बूथ के बाहर एलईडी भी लगाई गई है, जिसके माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। लोकार्पण के दौरान एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी, एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन, एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद, ट्रैफिक इंस्पेक्टर आदि मौजूद रहे।
