हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना धौलाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात से लौट रही बस और सामने से आ रहे कैंटर की भीषण भिड़ंत में 6 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
निकाह के बाद लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के थाना वेब सिटी क्षेत्र स्थित डासना वार्ड नंबर-3 निवासी यूनुस के पुत्र जाहिद का निकाह बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र के पीरखां मोहल्ले में शेर मोहम्मद की पुत्री चाइना के साथ संपन्न हुआ था। निकाह के बाद देर रात करीब एक बजे बस चालक अशोक गिरी करीब 20 बारातियों को लेकर वापस लौट रहा था।
करीब दो बजे धौलाना-मसूरी मार्ग पर अरविंद डेयरी के पास सामने से आ रहे परचून के सामान से भरे कैंटर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई और कैंटर बस के ऊपर जा गिरा। बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
रात का समय और अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत और हाइड्रा मशीन की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल हापुड़ के मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक और घायलों की सूची
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
इस हादसे में डासना निवासी यूनुस (50), युसूफ (55), अख्तर (40), सोनू (25), मुन्ना (60) और बस चालक अशोक गिरी (48) की मौत हो गई। वहीं नदीम, नईम, जुनेद, अय्यूब, सिराजुद्दीन, हसरत और हबीब समेत 7 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और उनके इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

