हापुड़ (शिखर समाचार) थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यार्थियों को लेकर विद्यालय जा रही सरस्वती बाल मंदिर की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन छात्र मामूली रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
मोड़ पर पलटी स्कूल बस, चीख-पुकार में बदला बच्चों का सफर
जानकारी के अनुसार सरस्वती बाल मंदिर की बस सुबह गांव बझीलपुर से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर रवाना हुई थी। जैसे ही बस गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही भीतर बैठे बच्चों में घबराहट फैल गई और सभी बच्चे रोने चिल्लाने लगे।
चीखें सुनते ही दौड़े ग्रामीण, तत्परता से बची बच्चों की जान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/pradhan-mantri-awas-yojana-urban-2-0-2/
बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए बस में फंसे विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि इस हादसे में लगभग छह छात्र हल्की चोटों के साथ घायल हुए हैं, जिनकी हालत में अब सुधार है और सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण मोड़ पर तेज गति और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
