महान विभूतियों को नमन, कांग्रेस कार्यालय में जयंती व पुण्यतिथि का आयोजन

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Salute to great personalities, organizing birth anniversary and death anniversary in Congress office IMAGE CREDIT TO CONGRESS

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत रत्न पं० मदन मोहन मालवीय और सामाजिक न्याय के सशक्त प्रतीक महाराजा बिजली पासी की जयंती तथा देश के प्रथम भारतीय गवर्नर-जनरल और प्रखर स्वतंत्रता सेनानी सी० राजगोपालाचारी की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और विचार-स्मरण के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान तीनों महान व्यक्तित्वों के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

महान व्यक्तित्वों की विचारधारा से राष्ट्र निर्माण की प्रेरक गाथा

ALSO READ:https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ghaziabad-free-admissions-are-being-offered-in-private-schools-how-to-apply-local18-9996872.html

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पं० मदन मोहन मालवीय ने शिक्षा को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ते हुए समाज निर्माण की मजबूत नींव रखी। उन्होंने ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रवाद के माध्यम से नई पीढ़ी को दिशा दी। वहीं महाराजा बिजली पासी का जीवन साहस, सामाजिक समानता और शोषित वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक रहा, जिनके संघर्ष आज भी सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं। सी० राजगोपालाचारी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, नैतिक राजनीति और प्रशासनिक शुचिता की मिसाल कायम की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि वर्तमान समय में जब संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द के समक्ष अनेक चुनौतियां खड़ी हैं, तब इन महान विभूतियों के विचार हमें समता, शिक्षा, न्याय और राष्ट्रीय एकता के मार्ग पर अग्रसर होने की शक्ति देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सदैव इन्हीं मूल्यों के आधार पर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक अधिकार, सम्मान और अवसर पहुंचाने के लिए संघर्षरत रहा है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष (संगठन प्रभारी) मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, जिला सचिव तनवीर अहमद, जिला कार्यालय प्रभारी सुबोध भट्ट, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहित भाटी, व्यापार प्रकोष्ठ प्रभारी इंद्रेश कुमार सहित दिनेश शर्मा, ए० पी० सिंह, मनोज, राजू कुमार, राजेश पाल, पीयूष जाटव, संजय पटेल, संजय रावत, सचिन तंवर, राजकुमार समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे इन महान नेताओं के विचारों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

Share This Article
Leave a comment