नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार) चित्तौड़गढ़ पुलिस चौकी के समीप सड़क किनारे खड़ी ईंटों से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रालियों के कारण यातायात बाधित होने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर मंडी समिति परिसर में खड़ा करा दिया। पुलिस के अनुसार सड़क पर एक साथ भारी वाहनों के खड़े होने से आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो रही थी।
लापरवाही बनी जाम की वजह: सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ठप हुआ मुख्य मार्ग
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जनपद के कांठ क्षेत्र स्थित इनायतपुरी गांव निवासी घनश्याम सिंह पुत्र विक्रम सिंह, अंकुश पुत्र ओमकार सिंह तथा अरुण पुत्र बाबूराम सिंह ईंट-भट्ठे से ईंटें लादकर नगीना क्षेत्र में आए थे। तीनों चालक अपनी अपनी ट्रैक्टर ट्रालियां चित्तौड़गढ़ पुलिस चौकी के पास सड़क के किनारे खड़ी कर चाय पीने चले गए। एक साथ तीन ट्रालियों के खड़े होने से मुख्य मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंचे नगीना थाने के उपनिरीक्षक सुभाष तोमर और चित्तौड़गढ़ पुलिस चौकी प्रभारी अजीत कुमार ने रास्ता सुचारु कराने के लिए ट्रैक्टर चालकों की तलाश की, लेकिन काफी देर तक चालक मौके पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने नियमों के उल्लंघन और यातायात बाधित होने को देखते हुए तीनों ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त कर मंडी समिति परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार वाहन खड़े करना कानूनन अपराध है और भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
