प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध व पारदर्शी कार्य के निर्देश

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
A comprehensive review of the district's development works was conducted under the chairmanship of the minister in charge, and officials were instructed to complete the work in a timely and transparent manner IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने और विकास कार्यों की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से जनपद गौतम बुद्ध नगर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने की।

प्रभारी मंत्री ने विकास की नब्ज़ टटोली, योजनाओं की प्रगति पर कसा शिकंजा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-ghaziabads-harnandipuram-township-land-acquisition-update-40090534.html

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जनपद में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और विभागीय योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की। इस अवसर पर राजस्व संग्रह, राजस्व मामलों का निस्तारण, जनसुनवाई प्रणाली, कृषि, पशुपालन, बाल विकास एवं पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं, वन विभाग, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जल जीवन मिशन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र, मत्स्य पालन, उद्यान विभाग, खाद्य एवं रसद, पर्यटन विकास, जिला उद्योग केंद्र, विद्युत व्यवस्था, महिला कल्याण, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज, नगर विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, कौशल विकास योजना, वैकल्पिक ऊर्जा, सहकारिता, श्रम विभाग तथा लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरल, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। जनसुनवाई प्रणाली पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर उन्होंने कहा कि समाधान केवल औपचारिक न होकर वास्तविक और संतोषजनक होना चाहिए। अधिकारियों को आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

WhatsApp Image 2025 12 25 at 7.01.06 PM 35

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव और अनुभव विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होते हैं, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखें, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके।

बैठक के समापन पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वस्त किया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और विकास कार्यों व जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक गति देकर उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी वीएस, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment