गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम मुख्यालय को हाईटेक बनाते हुए उसका कायाकल्प करने में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक जुटे हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने निर्माण विभाग टीम के साथ सदन कक्ष के हो रहे जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रही बैठने, लाइटिंग, साउंड, इंटरनेट, कैमरा इंस्टॉलेशन आदि सुविधाओं की तैयारियों को नजदीक से परखते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के आदेश दिए। इसके अलावा सदन कक्षा को हाईटेक बनाने के लिए एलईडी वॉल बनाई जा रही है, जहाँ चल रहे कार्यों का प्रेजेंटेशन किया जा सके। नगर आयुक्त ने मौके पर ही तेजी से कार्य करने के निर्देश निर्माण टीम को दिए गए। निरिक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश मौके पर उपस्थित रहे। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि नगर निगम मुख्यालय पर बना हुआ सदन कक्ष बहुत ही ज्यादा दयनीय स्थिति में हो गया था, जिसको निर्देश अनुसार नया स्वरूप देने का कार्य चल रहा है।
कक्ष में 100 पार्षदों के बैठने हेतु स्थान की
कक्ष में 100 पार्षदों के बैठने हेतु स्थान की व्यवस्था के साथ-साथ अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था, क्लर्क इत्यादि स्टाफ के बैठने की व्यवस्था, मीडिया बंधुओं के लिए भी बैठने की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्य कराया जा रहा है। मुख्यालय पर लगी आग के कारण एसी, लाइट व उपकरण जलने की वजह से खराब हो गए थे इसलिए उन सभी को भी बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वायर भी बदली गई है।
सदन कक्षा के साथ-साथ कार्यकारिणी कक्ष भी तैयार कराया जा रहा है, जिसमें बैठक के साथ-साथ अन्य आवश्यक कार्यक्रमों का आयोजन भी सरलता से किया जा सकेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि काफी समय से सदन कक्ष के जीर्णोद्धार करने की मांग की जा रही थी, जिसको ध्यान में रखते हुए योजना के क्रम में सदन कक्ष को भव्य स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है। सदन कक्ष तथा कार्यकारिणी कक्ष में आवश्यकता को देखते हुए मरम्मत का कार्य व फर्नीचर बदलने का कार्य भी कराया जा रहा है। फरवरी माह में कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। इसके उपरांत पार्षदों एवं पदेन सदस्यों के लिए बैठक हेतु सुव्यवस्थित सदन कक्ष उपलब्ध रहेगा।
