अमृत भारत योजना के तहत निखर रहा शामली रेलवे स्टेशन, डीआरएम ने किया निरीक्षण, अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Shamli Railway Station Transforms Under Amrit Bharat Scheme, DRM Inspects, Directs Completion of Pending Works Soon IMAGE CREDIT TO REPORTER

शामली (शिखर समाचार) अमृत भारत योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप दिए जा रहे शामली रेलवे स्टेशन का बुधवार को दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति परखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बचे कार्यों को तेजी के साथ पूरा किया जाए, ताकि स्टेशन के नए स्वरूप का उद्घाटन निर्धारित समय पर किया जा सके।

स्टेशन का नया रूप: आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों के अनुभव को मिलेगा नया आयाम

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-ghaziabad-most-polluted-city-aqi-384-loni-air-severe-40138974.html

स्टेशन परिसर में इन दिनों व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिसमें महानगरों के स्टेशनों जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट से युक्त फुट ओवरब्रिज, आकर्षक प्लेटफार्म, विस्तारित टिन शेड, बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, सुगम पहुंच मार्ग और हरित क्षेत्र विकसित करने का कार्य प्रगति पर है। हालांकि निर्माण कार्यों में देरी के चलते अभी तक नवनिर्मित स्वरूप का औपचारिक शुभारंभ नहीं हो पाया है।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफार्म, रैंप और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। रैंप क्षेत्र में नाली पाए जाने पर उन्होंने तुरंत उसे बंद कर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

रेल सेवा विस्तार की मांग: हरिद्वार और देहरादून तक कनेक्टिविटी से बढ़ेगी यात्री सुविधा और धार्मिक पर्यटन

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/

इस अवसर पर अग्रवाल मित्र मंडल के सचिव अनुज बंसल ने प्रस्तावित नई रेलगाड़ी को हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून तक बढ़ाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि यदि रेल सेवा का विस्तार उत्तराखंड तक किया जाता है तो इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यापारियों और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
निरीक्षण के समय रेलवे विभाग के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा कार्यों की प्रगति की जानकारी मंडल रेल प्रबंधक को दी गई।

Share This Article
Leave a comment