मेरठ (शिखर समाचार) बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में ग्राम दबथुवा में भारतीय जनता पार्टी नेता पंडित आदेश फौजी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की यूनुस सरकार का पुतला दहन करते हुए बांग्लादेश मुर्दाबाद और यूनुस सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ मुखर हुआ भारत, मुस्लिम समाज से एकजुट होने की अपील
इस अवसर पर पंडित आदेश फौजी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को भारत किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगा। उन्होंने भारत के मुस्लिम समाज, मौलानाओं और विभिन्न मुस्लिम संगठनों से अपील की कि वे बांग्लादेश की कट्टरपंथी यूनुस सरकार के खिलाफ आवाज उठाएं और वहां के हिंदुओं के समर्थन में खुलकर सामने आएं। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस मुद्दे को उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पंडित आदेश फौजी ने कहा कि भारत की हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई भाईचारे की परंपरा को और मजबूत करने की जरूरत है। यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके तो भारत में हिंदू समाज सड़कों पर उतरकर बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। प्रदर्शन के दौरान जोनी चौधरी, सत्यप्रकाश जांगिड़, किसान नेता वीरपाल सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, अंकित चौधरी, अंकित कश्यप, सुमित बाल्मीकि, विपिन कुमार, सिद्धांत, अतुल कश्यप, योगेश गोस्वामी, जगवती, सुदेश और बाला देवी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
