बिजनौर (शिखर समाचार) नगर के माडर्न एरा पब्लिक स्कूल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास की 78 वर्षीय माता श्रीमती अर्चना विश्वास का शॉर्ट सर्किट से लगी आग में धुआं भर जाने के कारण दम घुटने से निधन हो गया। घटना से स्कूल परिसर और शहर में शोक की लहर फैल गई।
अचानक लगी आग: धुएँ में फँसी वृद्ध महिला, समय पर पहुंची राहत टीम ने बचाया जीवन
डॉ. सीमा विश्वास स्कूल परिसर में बने आवास में अपनी वृद्ध माता के साथ रहती थीं। रोजाना की तरह आज सुबह वे स्कूल चली गईं, जबकि उनकी माता जी आवास में अकेली थीं। लगभग 11 बजे आवास के एक कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग भले ही ज्यादा नहीं फैली, लेकिन कमरे में धुआं तेजी से भर गया।
सूत्रों के अनुसार अर्चना विश्वास पहले से ही श्वांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। कमरे में फैलते घने धुएं के कारण उनका दम घुटने लगा और वे बेहोश हो गईं। आवास से उठता धुआं देखकर स्कूल स्टाफ तुरंत वहां पहुंचा और उन्हें आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
शोक की लहर: हादसे से झुलसा स्कूल, स्थानीय गणमान्य और अभिभावक पहुंचे सांत्वना देने
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/strong-action-by-gda-in-dasna-2/
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्कूल में मातम छा गया है। कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति व अभिभावक भी स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्कूल के प्रबंधक अनिल चौधरी एडवोकेट ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से कमरे में अचानक धुआं भर गया था। “श्रीमती अर्चना विश्वास श्वांस रोगी थीं। धुआं बर्दाश्त न कर पाने के कारण उनकी स्थिति बिगड़ गई। स्टाफ ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना से पूरे शिक्षा जगत में गहरा दुःख है। स्कूल प्रबंधन ने शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
