सहारनपुर (शिखर समाचार)। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने जनपद के एक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्था का लिया जायजा
बताया गया कि 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत डीआईजी अभिषेक सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात (नोडल अधिकारी) तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ थाना रामपुर मनिहारन क्षेत्र स्थित गोचर महाविद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, परीक्षा कक्षों की तैयारियों तथा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस बल की तैनाती का गहन निरीक्षण किया।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। इसके लिए परीक्षा केंद्र के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की जा रही हैं।
