गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद में साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन इसके बावजूद साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताज़ा मामला नेहरू नगर निवासी राजेश गोयल से जुड़ा है, जिनके क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने 2 लाख 42 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने बिना देरी किए 19 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर ठगी से सुरक्षा उपाय
पीड़ित की शिकायत मिलते ही थाना सिहानी गेट की साइबर सेल टीम सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। साइबर सेल टीम ने ठगी की गई धनराशि जिस बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी, उसकी जानकारी जुटाई और संबंधित बैंक से पत्राचार कर खाते को तत्काल फ्रीज कराया। लगातार फॉलोअप और बैंक के सहयोग से पुलिस ने पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा करते हुए ठगी गई पूरी 2 लाख 42 हजार रुपये की राशि पीड़ित को वापस दिला दी।
इस संबंध में एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने बताया कि राजेश गोयल के ठगे हुए पूरे 2 लाख 42 हजार रुपये वापस करा दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे साइबर ठगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है और यदि किसी के साथ किसी भी माध्यम से साइबर ठगी होती है तो तुरंत पुलिस या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ते हुए पीड़ितों का पैसा वापस कराया जा सके।
