गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं और महिलाओं को सशक्त बनाने में गाजियाबाद पुलिस जुटी हुई है। गाजियाबाद पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में पूर्ण जानकारी प्रदान कर रही है। बुधवार को एसीपी कोतवाली नगर रितेश कुमार त्रिपाठी ने मिशन शक्ति टीम थाना विजयनगर के साथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। इस दौरान स्कूल की छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जागरूक किया गया। एसीपी ने उन्हें आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा से संबंधित अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्रदान की। वहीं छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबर- 112, 1090, 181, 1930, 1098 और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और पुलिस अधिकारियों से संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सशक्त बनाना और उन्हें यह भरोसा दिलाना था कि पुलिस हमेशा उनके साथ है। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर की प्रिंसिपल विभा चौहान भी मौजूद रही।
