जेवर/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) जेवर के मौहल्ला सल्लियान में सोमवार की देर शाम एक सगाई समारोह के दौरान गाड़ियाँ खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और पथराव हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
सगाई समारोह में विवाद तेज, बहस से हाथापाई और पथराव तक मामला पहुँचा
जानकारी के अनुसार मौहल्ला सल्लियान निवासी कुंवरपाल के पुत्र कुलदीप की सगाई समारोह में कुछ मेहमानों ने सड़क पर वाहन खड़े कर दिए। इस पर मौहल्ले के ही नितिन और शिवा ने उनसे वाहन हटाने के लिए कहा। कथित तौर पर इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई और पथराव तक पहुँच गया।
विवाद के दौरान समारोह में अफरा तफरी मच गई और खाना तथा अन्य सामग्री बिखर गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नितिन और शिवा ने अपने साथियों के साथ मिलकर समारोह में खड़े करीब चार वाहनों और लड़के को सगाई में मिली कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा, कुंवरपाल ने फायरिंग, लूटपाट और महिलाओं के साथ अभद्रता का भी आरोप लगाया।
पुलिस पहुंची, मुख्य आरोपी नितिन और शिवा गिरफ्तार, फरार हुए अन्य आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/public-hearing-organized-under-chairmanship/
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी पुलिस को देख मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद मुख्य आरोपी नितिन और शिवा को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि झगड़ा गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था और इसमें कुछ वाहनों में तोड़फोड़ हुई है। उन्होंने पथराव, लूटपाट और फायरिंग के आरोपों को गलत बताया है।
