गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना वेव सिटी पुलिस ने बीती 4 मार्च 2026 को डीएमई पर हुई लूट के आरोप में फरार चल रहे लव को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में लव के पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से हापुड़ से चोरी की गई एक स्पलेन्डर मोटर साइकिल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस व खोखा कारतूस बरामद किया।
डीएमई लूट मामले की पड़ताल
प्रियाश्री पाल, सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी ने बताया कि थाना वेव सिटी क्षेत्र में डीएमई पर एक लूट की घटना हुई थी, जिसमें एक नेक्सॉन गाड़ी और एक मोबाइल लूट लिया गया था। इस घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए थाना पर मुकदमा पंजीकृत किया गया और अनावरण हेतु कई टीमों का गठन किया गया था। घटना में दो अभियुक्त, राज और दर्शन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं, वांछित अभियुक्त लव और योगेन्द्र को पकड़ने के लिए कई टीमों ने लगातार प्रयास किए।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की प्रक्रिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
यक्ष एप के माध्यम से लव का फोटो, पता और अन्य जानकारी प्राप्त हुई थी। पुलिस ने उसके संदिग्ध स्थानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो पाई। सूचना मिली कि लव गिरधरपुर की तरफ अपने घर जा रहा है। नायफल से डासना की तरफ जाते हुए पुलिस ने चेकपॉइंट्स लगाए। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ दी और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें लव के एक पैर में गोली लगी। पूछताछ में लव ने कबूला कि उसने इस घटना के अलावा डासना में एक चोरी भी की थी। उसके विरुद्ध दर्जनों अभियोग पंजीकृत हैं और वह एक जघन्य अपराधी है। उसके पास से हापुड़ से चोरी की गई स्पलेन्डर मोटर साइकिल, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस व खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल होने के कारण उसे उपचार हेतु सीएचसी भिजवाया गया।
