खेल विकास को नई रफ्तार: गाजियाबाद में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की अहम बैठक सम्पन्न

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
New pace of sports development: Important meeting of District Sports Development and Promotion Committee concluded in Ghaziabad IMAGE CREDIT TO VIKAS BHAWAN GHAZIABAD

आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|

दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और समिति की आय बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समिति ने आय बढ़ाने और बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का निर्णय लिया, स्विमिंग पूल रजिस्ट्रेशन व शराब लाइसेंस से फंडिंग सुनिश्चित

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/civil-defence-training-in-ghaziabad-136901861.html

बैठक में समिति की आय के स्रोत बढ़ाने पर विचार करते हुए जिम में स्विमिंग पूल के रजिस्ट्रेशन तथा आबकारी विभाग से संबंधित शराब लाइसेंस की धनराशि समिति के खाते में जमा कराए जाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही समिति के माध्यम से प्रत्येक माह एक बार जूनियर एवं सब-जूनियर बालक बालिकाओं की खेल प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्णय लिया गया।

स्टेडियम परिसर में लगी हाई मास्क लाइटों की मरम्मत का कार्य नगर निगम गाजियाबाद से कराए जाने के निर्देश दिए गए, वहीं दो नई हाई मास्क लाइट सांसद निधि के माध्यम से लगवाने हेतु क्रीड़ा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया। स्थानीय प्रशिक्षण शिविरों में खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, क्रिकेट, नेटबॉल, फुटबॉल एवं बॉक्सिंग के खेल उपकरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

समिति ने दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए वार्षिक प्रतियोगिता और खेल प्रशिक्षण को मंजूरी दी, क्रीड़ा हाल व शौकिया खिलाड़ियों के लिए शुल्क संरचना तय

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ashim-arun-on-ghaziabad-tour-busy-day/

वर्ष में एक बार दिव्यांग बालक–बालिका खिलाड़ियों की प्रतियोगिता दिसंबर माह में आयोजित कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही जनपद में प्रचलित खेलों जैसे जूडो और कुश्ती के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की गई। एनसीईआरटी द्वारा निर्मित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल के उपयोग हेतु आरक्षण शुल्क दो घंटे के लिए 2000 रुपये निर्धारित किया गया, जिसे भविष्य में मांग बढ़ने पर पुनः निर्धारित किए जाने की संभावना जताई गई। बैडमिंटन के शौकिया खिलाड़ियों से प्रति माह प्रति खिलाड़ी 500 रुपये शुल्क समिति में जमा कराने का भी निर्णय लिया गया।

स्टेडियम के खेल मैदान के लिए 300 मीटर पाइप की स्वीकृति दी गई तथा जनपद की तीनों तहसीलों में खेल विकास समिति का गठन शीघ्र कराने के निर्देश जिला युवा कल्याण अधिकारी को दिए गए। इसके अलावा पेट्रोल चालित घास काटने की मशीन के लिए ईंधन व्यवस्था, प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु साउंड व माइक सिस्टम के दो सेट, तथा स्विमिंग पूल में एक महिला और एक पुरुष प्रशिक्षक की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई। बैठक में सांसद निधि से स्टेडियम में दो फ्लड लाइट लगाने, कार्यालय के लिए कंप्यूटर सेट प्रिंटर व ऑपरेटर सहित उपलब्ध कराने, बैडमिंटन हॉल में शू रैक और लॉकर लगाने तथा पूरे स्टेडियम परिसर में ढके हुए डस्टबिन लगाने के निर्देश भी क्रीड़ा अधिकारी को दिए गए।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि पप्पू पहलवान, डीएफओ ईशा तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment