मोदीनगर (शिखर समाचार)।
बागपत मोदीनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष यादव से मुलाकात कर मोहिउद्दीनपुर के पास दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन चरण 5 के दौरान आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड बनाए जाने की मांग उठाई है।
सर्विस रोड की कमी से ग्रामीणों को हो रही परेशानी
सांसद ने बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों एक्सप्रेसवे के चरण 5 का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण के चलते सर्विस रोड न होने के कारण आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जब से इस चरण का निर्माण शुरू हुआ है, तब से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ गई हैं।
किसानों और ग्रामीणों के लिए आवागमन में बाधा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
सांसद के अनुसार सर्विस रोड के अभाव में किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है, जिससे उनका आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके चलते किसानों को समय और आर्थिक दोनों तरह की हानि उठानी पड़ रही है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और महिलाओं के लिए भी सुरक्षित आवागमन में जोखिम की स्थिति बन रही है।
एनएचएआई को पत्र देकर की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
इसी समस्या को देखते हुए सांसद ने मांग की कि एक्सप्रेसवे के चरण 5 के निर्माण के दौरान आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही सुगम हो सके। इस संबंध में उन्होंने एनएचएआई अध्यक्ष को एक पत्र भी सौंपा है। सांसद का कहना है कि एनएचएआई अध्यक्ष की ओर से उन्हें आश्वासन मिला है कि इस समस्या पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस मांग को लेकर वह इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं और क्षेत्र के लोगों की समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
