गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे महानगर गाजियाबाद में सड़कों से लेकर नालों तक को व्यवस्थित करने में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक जुटे हुए है। गुरुवार को उन्होंने निगम अधिकारियों के साथ सिटी जोन के वार्डों का निरीक्षण किया, जिसमें नंदग्राम, घुकना, सिहानी, पटेल नगर वार्ड संख्या 6, 11, 49, 31 व 32 शामिल थे। वार्ड की आंतरिक साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ जलकल तथा निर्माण की कार्यों का भी जायजा लिया गया। नंदग्राम रेत मंडी पर पुलिया की सफाई के बाद अव्यवस्थित रूप से पुलिया के स्लैब के पत्थरों को देखकर अधिकारियों पर नगर आयुक्त मौके पर ही भड़क गए और उन्होंने निर्माण टीम को मौके पर अपने सामने बुलवाकर स्लैब के पत्थरों को व्यवस्थित कराया। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि ऐसे स्थान जहां पुलिया की सफाई या नालियों की सफाई का कार्य प्रतिदिन किया जा रहा है, वहां पर उसी समय स्लैब को पूर्ण रूप से व्यवस्थित किया जाए, जिससे मार्गो को अवरुद्ध होने से बचाया जा सके। जन समस्याओं के समाधान को लेकर अनिवार्य रूप से वार्डों में निरीक्षण करने के निर्देश भी टीम को दिए गए। मुख्य मार्गों के साथ-साथ वार्ड के अंदर भी मार्गो को सुगम और सरल बनाए रखने के लिए निर्माण विभाग कार्य करे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा सफाई मित्रों को स्वच्छता के साथ खुद का भी ध्यान रखने के लिए कहा गया। वहीं निर्माण विभाग को कार्य के दौरान सतर्कता बरतने के लिए भी निर्देशित किया गया। निर्माण कार्य से किसी प्रकार की बाधा मार्गों पर उत्पन्न ना हो, इसपर विशेष रूप से समस्त वार्डों में पुलिया के ऊपर बने हुए स्लैब को व्यवस्थित करने के लिए भी कहा गया। मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, डॉक्टर मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।
