गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम की आईटीएमएस बिल्डिंग का नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईटीएमएस संचालन के लिए बनी बिल्डिंग में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को भी नए सिरे से स्थापित करने के लिए टीम को निर्देश दिए। एक ही बिल्डिंग में ट्रैफिक मैनेजमेंट के साथ-साथ म्युनिसिपल सर्विसेज की सुविधा शहर को मुहैया कराने की प्लानिंग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बिल्डिंग में ट्रैफिक मैनेजमेंट हेतु लगाए गए सर्वर, स्क्रीन तथा डेस्कटॉप की व्यवस्था को देखा गया। नगर आयुक्त ने टीम को 15 दिन के भीतर जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में ट्रैफिक चालान की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, व अन्य विभाग की टीम उपस्थित रही। नगर आयुक्त ने गाजियाबाद नगर निगम सीमा अंतर्गत लगे हुए 1500 कैमरो को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से तत्काल प्रभाव से जोड़ने के लिए टीम को निर्देश दिए। इसके अलावा 350 कैमरा जल्द से जल्द आवश्यक स्थान पर लगाने के निर्देश भी टीम को दिए गए। जन समस्याओं के समाधान को गति देने के लिए नगर आयुक्त ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम हेतु बनी नई बिल्डिंग में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर संभव हो सके। 311 एप्लीकेशन, कंट्रोल रूम, व्हीकल ट्रैकिंग मॉनिटरिंग सिस्टम को भी जनहित में एक ही स्थान पर लाने की प्लानिंग की जा रही है, जिसके लिए टीम को निर्देश दिए गए है। मौके पर डॉक्टर अनुज व निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नए साल पर शहर को आईटीएमएस का लाभ मिलेगा तथा ट्रैफिक व्यवस्था पर कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन नजर रखी जा सकेगी। गाजियाबाद नगर निगम के साथ- साथ, विद्युत विभाग, यातायात विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, व अन्य को 10 दिन के भीतर प्रोजेक्ट प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए है। मौके पर इफकॉन इंडिया प्राइवेट लिमिट से मोहित गिरधर प्रोजेक्ट मैनेजर, राजीव भारद्वाज प्रोजेक्ट इंचार्ज, विकास कुमार उपस्थित रहे।
