गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बढ़ती ठंड में निराश्रितों के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने रेन बसेरों में व्यवस्थाओं को पुख्ता करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ रैन बसेरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कविनगर तथा सिटी जोन के रैन बसेरे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके अलावा नगर आयुक्त ने नसीरपुर फाटक, बस अड्डे स्थित रैन बसेरा पर पहुंच कर पेयजल की व्यवस्था, साफ सफाई की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था को देखा और प्रतिदिन आश्रय स्थलों में साफ सफाई के साथ-साथ फागिंग करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त रैन बसेरों में बिस्तरों की संख्या को भी बढ़ाने के निर्देश दिए। मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद तथा प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों को रैन बसेरों की जानकारी के प्रचार प्रसार हेतु प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर बोर्ड लगाने के लिए भी निर्देश दिए। निराश्रित को खुले में सोने से रोकने के लिए प्रतिदिन रात्रि में मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि ठंड रात्रि के समय में अधिक होती जा रही है, जिसको देखते हुए अलाव की व्यवस्था भी सार्वजनिक स्थलों पर कराई गई है। 22 आश्रय स्थलों को पूर्ण रूप से व्यवस्थित किया गया है। आवश्यकता को देखते हुए संख्या को बढ़ाया जाएगा तथा अस्थाई आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। निराश्रित खुले में ना सोए इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रैन बसेरों में ठहरने वाले का पहचान प्रपत्र भी चेक करने हेतु आदेश दिए गए है। ठंड से बचाव के लिए आश्रय स्थल में सरलता से एंट्री ली जा सकती है। आपत्तिजनक स्थिति को उत्पन्न होने से रोकने के लिए सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी आश्रय स्थलों पर लगाई गई है।
